बलरामपुर। बलरामपुर के लोगों को आए दिन जाम की समस्या से जल्द निजात मिलेगी। 5 अरब 15 करोड़ 69 लाख रुपये की लागत से 22 किमी. लंबा बाईपास बनाकर एनएच- 330 से एनएच- 730 को जोड़ा जाएगा। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। इसके बनने से लोगों को जाम की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा।
सदर विधायक पल्टूराम ने बताया कि जिले में बाईपास न होने के कारण लोगों को काफी समस्या का सामना करना पड़ता है। इस मार्ग पर कई जिलों के वाहनों का आवागमन होने की वजह से आए दिन जाम लगता है। इस समस्या को देखते हुए बाईपास के निर्माण को लेकर कई बार केंद्रीय परिवहन मंत्री के समक्ष मांग रखी गई थी। प्रस्ताव को केंद्रीय परिवहन मंत्री ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। ऐसे में अब बाईपास निर्माण को हरी झंडी मिल गई है।
इस तरह होगा निर्माण
यह बाईपास गोंडा रोड स्थित कुआना रेंज से बहराइच रोड होते हुए हंसुआडोल गांव के पास से निकलकर बिजलीपुर मंदिर के पास तुलसीपुर रोड को जोड़ेगी। करीब 22 किलोमीटर लंबे इस बाईपास के रास्ते में गोपालपुर, शेखरपुर, हंसुआडोल, कलंदरपुर, बेलवा सुलतानजोत व बिजलीपुर सहित कई गांव पड़ेंगे।
शहर में नहीं आना होगा
तुलसीपुर से गोंडा व बहराइच जाने वाले वाहनों को बाजार में नहीं आना होगा। वे सीधे बाईपास से होते हुए निकल जाएंगे। गोंडा से बहराइच को जाने वाले वाहन भी कुआनो रेंज से ही बाईपास के रास्ते आ-जा सकेंगे। बहराइच से आने वाले वाहनों को शहर के मध्य नहीं आना पड़ेगा। इससे लोगों को जाम की समस्या से निजात मिलने के साथ ही समय की बचत होगी।
शहर के लिए अच्छी पहल
भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह बैस का कहना है कि बाईपास के निर्माण के लिए सदर विधायक के साथ जिला प्रशासन काफी दिनों से प्रयास कर रहा था। उसका सुखद परिणाम सामने आया है। यह शहरवासियों को जाम के संकट से निजात दिलाएगा।
-केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा किया गया ट्विट- फोटो : BALRAMPUR