फोटो-11-बलरामपुर के ग्राम पटोहाकोट में प्रदर्शन करते बाढ़ पीड़ित।-संवाद
- फोटो : BALRAMPUR
महराजगंज तराई(बलरामपुर)। पर्याप्त राहत सामग्री न मिलने व लेखपाल की लापरवाही पर गुरुवार को बाढ़ पीड़ितों का आक्रोश फूट पड़ा। पीड़ितों ने लेखपाल के खिलाफ प्रदर्शन कर डीएम से राहत पैकेट वितरित करवाने की मांग की है।
तुलसीपुर विकास खंड के ग्राम पटोहाकोट निवासी रफीक, विपिन, लालमनि, बूढ़े ,चांद अली, अकबर, रामराज, बड़े लाल व ग्राम प्रधान केसरी सिंह ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि ग्राम सभा पटोहाकोट के अलावा बदलपुरवा, जयनारायण पुरवा, नन्हे पुरवा व चिकनौटा आदि
गांव में तमाम बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री नहीं दी गई है। क्षेत्रीय लेखपाल ने घोर लापरवाही बरती है। ग्राम पंचायत पटोहाकोट में 3000 आबादी के सापेक्ष मात्र 200 लंच पैकेट दिया गया है। पर्याप्त लंच पैकेट न मिलने से कई लोग भूखे हैं। ग्राम प्रधान बेला उमेश यादव व ग्राम प्रधान बरगदही मंगल देव सिंह ने बताया कि गांव में राहत सामग्री नहीं दी गई। अधिकारियों से बात करने के बाद भी नाव की व्यवस्था नहीं कराई गई।
किठूरा गांव के निवासी अन्नू, पिंटू व कृपाराम आदि ने बताया कि जब से बाढ़ आई है तब से कंट्रोल रूम को फोन करके नाव की व्यवस्था कराने के लिए कहा जा रहा है लेकिन आज तक व्यवस्था नहीं कराई गई। ग्राम बरगदही में केवल 200 लंच पैकेट बुधवार रात भेजा गया था, जबकि गांव की आबादी करीब दो हजार है। क्षेत्रीय लेखपाल हेमराज यादव ने बताया कि जितना लंच पैकेट बांटने के लिए मिलता है उसे बांट दिया जाता है। तहसीलदार तुलसीपुर प्रमेश कुमार ने बताया है कि शीघ्र ही बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री का वितरण किया जाएगा।