बलरामपुर के रोडवेज बस स्टेशन में खड़ी बसें ।
बलरामपुर। जिले के यात्रियों को जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों की सुविधा मिलने की उम्मीद है। बलरामपुर डिपो ने जिले में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए प्रस्ताव शासन को भेज दिया है।
प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद जिले के विभिन्न स्थानीय मार्गों पर आधुनिक, प्रदूषण मुक्त और आरामदायक इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इससे यात्रियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
बलरामपुर डिपो की वरिष्ठ केंद्र प्रभारी तरन्नुम ने बताया कि डिपो की 18 बसें निर्धारित 16 लाख किलोमीटर का सफर पूरा कर चुकी हैं। ऐसे में इन बसों का संचालन अगस्त में बंद कर दिया जाएगा। 18 बसें कम होने से विभिन्न रूटों पर संचालन प्रभावित होगा।
डिपो में बसों का बेड़ा बढ़ाने के लिए इलेक्ट्रिक बसों की मांग की गई है। 30 बसों की डिमांड भेजी गई है। 15 अगस्त तक इलेक्ट्रिक बसें मिलने की उम्मीद है। इलेक्ट्रिक बस आने के बाद डिपो परिसर में चार्जिंग स्टेशन भी बनाया जाएगा।
इलेक्ट्रिक बसों का संचालन बलरामपुर से उतरौला, तुलसीपुर, गैसड़ी, पचपेड़वा, श्रीदत्तगंज सहित जिले के प्रमुख स्थानीय मार्गों पर किए जाने की योजना है। इलेक्ट्रिक बसों के आने से यात्रियों को कम शोर, आरामदायक यात्रा और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। डीजल की खपत कम होने से प्रदूषण में भी कमी आएगी।