जिला मेमोरियल चिकित्सालय में दवा लेने के लिए काउंटर पर जमा मरीज व तीमारदार- संवाद
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। बाढ़ का पानी उतरने के साथ ही मच्छर जनित बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ने लगा है। इसके चलते ही बुखार व डेंगू पीड़ित मरीजों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। अब तक 7 बुखार पीड़ितों में मरीज की पुष्टि हो चुकी है जबकि लैब में किट जांच से पॉजिटिव मिले 12 मरीजों की एलाइजा टेस्ट रिपोर्ट बहराइच लैब में लंबित है।
सरकारी अस्पताल में तैनात डॉ. अरुण कुुमार ने बताया कि डेंगू पीड़ितों में मरीज को तेज बुखार, सिरदर्द, आंखों के पीछे व जोड़ों में दर्द जैसे लक्षण होते हैं। साथ ही खून में प्लेटलेट की मात्रा भी तेजी से घटने के साथ ही शरीर पर छोटे-छोटे चक्कते भी दिखने लगते हैं। जिला मलेरिया अधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि 20 अक्टूबर को नई बाजार इलाके में एक बुखार पीड़ित की लखनऊ में हुई जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। मरीज से जुड़े पूरे इलाके में एंटीलार्वा छिड़काव के साथ ही फागिंग भी कराई जा रही है।
बताया कि अबतक डेंगू के आठ चिह्नित हो चुके हैं। इनमें लखनऊ में रहने वाले तीन मरीज भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए घर के आसपास जमा पानी, गमला, छत के ऊपर, कबाड़ व टूटे-फूटे बर्तन में पानी एकत्रित न होने दे। इसी ठहरे हुए पानी में बीमारी फैलाने वाले मच्छरों के लार्वा पनपते हैं। इनके काटने से ही लोग डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया की चपेट में तेजी से आ रहे हैं।