बलरामपुर। शहर में यातायात के बढ़ते दबाव को कम करने और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की सौगात जल्द ही मिलेगी। इसके तहत 516 करोड़ रुपये की लागत से टू-लेन बलरामपुर बाईपास का निर्माण होगा। शासन ने 21 किलोमीटर लंबे इस बाईपास के निर्माण कार्य को अपनी मंजूरी दे दी है। अब अगले माह धान की कटाई पूरी होने के बाद बाईपास के निर्माण का कार्य शुरू होगा। ताकि जिन गांवों से बाईपास रूट निकलना है, वहां की फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।
बाईपास न होने से वाहनों का दबाव लगातार शहर में बढ़ रहा है। इससे शहरवासियों को आए दिन जाम की परेशानी से जूझना पड़ता है। अब बाईपास का निर्माण होने से जिले के लोगों को जहां जाम की समस्या से छुटकारा मिलेगा वहीं इस बाईपास रूट से जुड़े 21 गांवों के विकास कार्य को भी रफ्तार मिलेगी। साथ ही यहां रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। बाईपास का निर्माण बिजलीपुर स्थित सत्यदेव सिंह पेट्रोल पंप के सामने से मन्नीपुर, भगईजोत, बेलवा सुल्तानजोत, भियूरी, ज्योनार, पनहिया बरांव व जमालीजोत गांव होते हुए हरिहरगंज-ललिया रोड तक होगा।
इसके साथ ही कलंदरपुर, पाननकुइयां, हंसुआडोल, शेखरपुर, शंकरपुर, गोपालपुर से बहराइच रोड बौद्ध परिपथ होते हुए सिरसिया फार्म, फातिमा इंटर कॉलेज के बगल रेंजरी से होकर यह सड़क दुलहिनपुर गोंडा रोड को भी इस बाईपास से जोड़ा जाएगा। इससे बलरामपुर के साथ ही बहराइच व श्रावस्ती के लोगों का आवागमन भी सुगम हो सकेगा। संवाद
45 मीटर चौड़ी होगी रोड, बनेगा एक फ्लाई ओवर
बलरामपुर बाईपास की लंबाई 21 किमी. है और सड़क लगभग 45 मीटर चौड़ी होगी। सात-सात फीट मीटर की पटरियां होंगी। सड़क लगभग तीन मीटर जमीन से ऊंची होगी। कलंदरपुर के पास एक किलोमीटर आरओबी फ्लाई ओवर बनेगा। इसके अलावा हंसुआडोल के निकट बड़ा पुल का निर्माण प्रस्तावित है।
यह क्षेत्र बाढ़ग्रस्त है इस नाते से रिंग रोड लोगों के लिए वरदान साबित होगा। 516 करोड़ की लागत से इस सड़क का निर्माण होना है, जिसमें 275 करोड़ रूपये भूमि अधिग्रहण का मुआवजा पर खर्च होगी। 70 करोड़ रुपए की लागत से मिट्टी खनन कराया जाएगा।
सफल हुआ सांसद व विधायक का प्रयास
बाईपास बवनाने के लिए श्रावस्ती सांसद राम शिरोमणि वर्मा का अथक प्रयास आखिरकार सफल हुआ। उन्होंने बताया कि कई सड़कों के लिए प्रयासरत हैं। बाईपास उनकी प्राथमिकता में थी, जिसकी स्वीकृति से आम लोगों को राहत मिलेगी। वहीं सदर विधायक पल्टूराम ने भी मुख्यमंत्री व लोक निर्माण मंत्री को इस बाईपास के निर्माण की मांग का एक प्रस्ताव भेजा था