बलरामपुर। अमृत भारत योजना में शामिल बलरामपुर व तुलसीपुर रेलवे स्टेशन को हाईटेक बनाने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। इसी साल के अंत तक दोनों स्टेशनों का सौंदर्यीकरण कर आधुनिक संसाधनों से लैस कर दिया जाएगा। अमृत भारत योजना के तहत बलरामपुर व तुलसीपुर रेलवे स्टेशन को आधुनिक संसाधनों से लैस करने पर 28.48 करोड़ खर्च होंगे।
केंद्र सरकार की तरफ से अमृत भारत योजना के तहत पुराने स्टेशनों को हाईटेक बनाया जाना है। अमृत भारत योजना में जिले के दो रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं। जिला मुख्यालय स्थित बलरामपुर व तुलसीपुर रेलवे स्टेशन का उच्चीकरण कराया जा रहा है। फरवरी में रेलवे विभाग की तरफ से दोनों स्टेशन के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया था। दोनों स्टेशनों के विकास से बौद्व तपोस्थली श्रावस्ती, देवीपाटन मंदिर और नेपाल जाने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर यातायात की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा स्टेशन के तैयार होने के बाद नई ट्रेनों की सौगात भी मिलने की उम्मीद है।
बलरामपुर व तुलसीपुर रेलवे स्टेशन का मास्टर प्लान के तहत स्थानीय कला व संस्कृति को शामिल करते हुए सौंदर्यीकरण का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है।
दोनों स्टेशनों के प्लेटफाॅर्म सरफेस का अपग्रेडेशन, स्टेशन फसाड, स्टेशन परिसर में लाइटिंग, कोच गाइडेंस सिस्टम, डिजिटल घड़ियां व यात्री उद्धघोषणा प्रणाली का निर्माण कराया जा रहा है।
यात्रियों की सुविधाओं के लिए सोलर प्लांट, वाटर कूलर, एयर कंडीशनर, ग्लो साइन बोर्ड, एलईडी स्टेशन नाम पट्टिका के साथ ही यात्री प्रतीक्षालय व शौचालय का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
स्टेशन परिसर में दो लिफ्ट व एक एक्सीलेटर भी लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की समस्या न हो।
बलरामपुर स्टेशन अधीक्षक रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि स्टेशन के विस्तारीकरण का कार्य चल रहा है। बारिश में काम प्रभावित होने की संभावना है। ऐसे में पहले बाहरी के कार्य कराए जा रहे हैं। इस साल के अंत तक सभी कार्य पूरे हो जाएंगे।