बलरामपुर। ग्राम पंचायतों को बाल मैत्री बनाने की कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 29 अगस्त को बाल सभा का आयोजन किया जाएगा। गांवों को कैसे बाल मैत्री बनाया जाए इसकी रूपरेखा तैयार की जाएगी।
गांवों में बच्चों के लिए शौचालय, ओपन जिम व खेल मैदान आदि सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। बाल मैत्री गांव बनने पर उनको पुरस्कृत भी किया जाएगा। इसी क्रम में गांवों की गतिविधियों में बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए शासन की तरफ से बाल सभा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
जिले की 793 ग्राम पंचायतों में 29 अगस्त को बाल सभा आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। इसमें बच्चों की आवश्यकताओं और उनसे जुड़े मुद्दों को समझने का मौका मिलेगा। इसमें ग्राम पंचायत के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी व अभिभावक बच्चों की आवश्यकताओं और मुद्दों पर चर्चा करेंगे। बाल सभा के माध्यम से बच्चे व किशोर अपने विचारों व अधिकारों को व्यक्त करेंगे। बच्चे अपने ज्ञान, कौशल और क्षमता का उपयोग करके स्वयं के मुद्दों व विचारों को आसानी से दूसरे के सामने रख सकेंगे।
जिला पंचायत राज अधिकारी नीलेश प्रताप सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस पर बाल सभा आयाेजित करने की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत स्तरीय कर्मियों को सौंपी गई है। बाल सभा के बाद गांवों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होगा।