गैसड़ी (बलरामपुर)। स्थानीय ब्लॉक के छपिया मदरहिया गांव में सोमवार को अखिल भारतीय विराट दंगल का शुभारंभ हुआ। दंगल में पहले दिन पांच मुकाबले हुए, जिसमें भारत के साथ नेपाल के पहलवानों ने भी दमखम दिखाया।
कुश्ती का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख पचपेड़वा मनोज तिवारी एवं ग्राम प्रधान बेमिहा मोहम्मद अहमद ने पहलवानों से हाथ मिलवाकर किया। पहला मुकाबला अयोध्या के नागेंद्र दास पहलवान व राजस्थान के मोनू पहलवान के बीच हुआ, जिसमें नागेंद्र दास विजयी रहे। नेपाल के शंकर थापा पहलवान व जम्मू के फैजल गनी पहलवान के बीच दूसरा मुकाबला बराबरी पर छूटा। तीसरी कुश्ती में दीपू पहलवान चंबल व नागेंद्र दास पहलवान अयोध्या के बीच भी मुकाबला बराबरी पर रहा।
चौथी कुश्ती बग्गा पहलवान पंजाब और अशोक पहलवान नई दिल्ली के बीच हुई। बग्गा पहलवान ने धोबी पछाड़ दांव से दिल्ली के अशोक पहलवान को पटखनी देकर जीत हासिल की। पांचवां मुकाबला गाजीपुर के मनोज पहलवान व अंबाला के राजेश पहलवान के बीच हुआ। इस मुकाबले में मनोज पहलवान विजयी रहे। आयोजक प्रमोद यादव ने बताया कि दो दिवसीय दंगल का समापन सात जनवरी को होगा। इस अवसर पर जोखू चौरसिया, दिलीप, विष्णु यादव, हामिद सेठ व हरीश सहित तमाम दंगल प्रेमी मौजूद रहे।