बलरामपुर। गरीब परिवारों को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा दिलाए जाने के लिए आयुष्मान भारत योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार शुरू करा दिया गया है। आयुष्मान भारत हेल्थ कैंप पखवाड़ा एक जुलाई से शुरू हो गया है।
आठ जुलाई तक चलने वाले ब्लॉकवार कैंपों में गोल्डन कार्ड बनाए जाएंगे। जिले के सभी सीएचसी कैंपों में चिकित्साधिकारियों को कैंप लगाने का निर्देश दिया गया है। डीएम कृष्णा करुणेश ने जिलेवासियों ने आयुष्मान भारत हेल्थ कैंप पखवाड़े में पहुंचकर गोल्डन कार्ड बनवाने की अपील की है।
सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह ने सोमवार को बताया कि प्रमुख सचिव चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण की तरफ से आयुष्मान भारत हेल्थ कैंप पखवाड़ा आयोजित कराने का निर्देश दिया गया है। जिला स्तर पर डीएम की तरफ से निर्देश दिए गए है कि एक से आठ जुलाई के मध्य सभी सीएचसी पर कैंप आयोजित कराकर गरीब परिवारों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिलाया जाए।
एक जुलाई से आठ जुलाई तक सदर ब्लॉक के पीएचसी जोकहिया, सीएचसी शिवपुरा, पचपेड़वा, गैसड़ी, तुलसीपुर, श्रीदत्तगंज, उतरौला, गेड़ास बुजुर्ग, रेहरा बाजार और बलरामपुर नगर के अर्बन में कैंप आयोजित कराकर गरीबों को गोल्डन कार्ड बनाकर दिया जाएगा।