बलरामपुर। महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा के लिए शासन के फरमान पर एक से 31 जुलाई तक जिले भर में कवच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले के 13 थानों के प्रभारी छात्राओं के स्कूलों व कॉलेजों में कवच कार्यक्रम कर रहे है। इस कार्यक्रम के माध्यम से सभी बेटियों को कानून की जानकारी देकर उन्हें सुरक्षा के प्रति सतर्क किया जा रहा है।
एसपी देवरंजन वर्मा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कवच अभियान की जिला स्तरीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि छात्राएं व महिलाएं छेड़खानी एवं अन्याय के खिलाफ चुप्पी तोड़ें और ऐसे तत्वों के खिलाफ आवाज उठाएं। पुलिस विभाग की तरफ से 1090 व यूपी 100 की सेवाएं चलाई जा रही हैं।
किसी व्यक्ति के द्वारा फोन, सोशल साइट्स व अन्य माध्यमों से बालिकाओं एवं महिलाओं के साथ छेड़छाड़ या उत्पीड़न किया जा रहा है तो इन नंबरों पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराएं। 1090 पर पीड़िता की कॉल महिला अधिकारी महिला अधिकारी द्वारा ली जाएगी। चार प्रकार से जनता व पुलिस के बीच संवाद बढ़ाया जा रहा है।
जुलाई/कवच अभियान के माध्यम से स्कूलों में कार्यक्रम कर छात्रों के साथ पुलिस के अफसर सीधा संपर्क कर उन्हें जागरूक कर रहे है। पुलिस विभाग की तरफ से जिले के सभी बालिका स्कूलों में गोपनीय पेटिका लगाई जा रही है। छात्र-छात्राएं गोपनीय पेटिका में अपनी समस्या का विषय पत्र में लिखकर डाल सकती हैं।
यूपी 100 की गाड़ियों को नियमित रूप से छात्राओं के स्कूलों एवं कॉलेजों के आसपास भ्रमण कराया जा रहा है और प्रधानाचार्यों से दिन में चार बार कुशलता भी पूछी जा रही है। कोई भी बालिका व महिला किसी प्रभारी प्रकार की छेड़खानी, हिंसा व अन्याय पर चुप न रहें और पुलिस में शिकायत करें।
मास्टर ट्रेनर संजय राय व अमित पाठक ने कार्यशाला में मौजूद जिलेे के सभी 13 थानों के प्रभारियों, बीएसए हरिहर प्रसाद एवं डीआईओएस एमके कनौजिया को महिला सुरक्षा व जागरूकता से जुड़ी जानकारी दी।