बलरामपुर। कोरोना वैश्विक महामारी के दौरान भी परिवार नियोजन कार्यक्रमों को जारी रखने के लिए चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग पूरी तरह गंभीर है। परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के लिए 11 से 31 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसके तहत आशा बहू घर-घर दस्तक देकर लक्षित दंपतियों को परिवार नियोजन के लिए प्रेरित करेंगी।
एसीएमओ डॉ. बीपी सिंह ने बताया कि जनसंख्या स्थिरीकरण स्वस्थ समाज व विकसित राष्ट्र के लिए आवश्यक है। जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के तहत 11 जुलाई से आशा कार्यकर्ता उन दंपतियों से बात करेंगी जिनको परिवार नियोजन की आवश्यकता है। लक्षित दंपतियों को उनकी पसंद के अनुसार गर्भनिरोधक साधन भी उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त जो महिलाएं अंतरा गर्भनिरोधक इंजेक्शन की सुविधा लेनी चाहेंगी उन्हें आशा स्वास्थ्य इकाई तक लेकर जाएंगी। ग्राम स्वास्थ्य व पोषण दिवस सत्र के दौरान स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर गर्भनिरोधक साधन उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं से अपील की है कि घरों पर दस्तक देने के दौरान मास्क जरूर लगाएं। हाथों को बार-बार साबुन से धोएं। कम से कम दो गज की दूरी बनाकर बात करें। घर की कुंडी या दरवाजा न छूएं। आवाज देकर ही परिवार के सदस्यों को बुलाएं और उनसे बात करें।