बलरामपुर। उतरौला कोतवाली में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में डीएम डॉ. महेंद्र कुमार व एसपी राजेश कुमार सक्सेना एकाएक पहुंच गए। एक महिला ने अफसरों के सामने दर्द बयां करते हुए कहा कि दुष्कर्म व दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराए एक माह से अधिक समय हो गया है।
महिला ने बताया कि कार्रवाई तो दूर विवेचक उसे ही धमका रहे हैं। इस पर अधिकारियों ने विवेचक को तलब कर लिया। पूछताछ में विवेचक कुछ बोल नहीं सके। नाराज डीएम व एसपी ने कहा कि आरोपित को गिरफ्तार करके अवगत कराइए, न मिले तो न्यायालय से आदेश कराकर कुर्की कराइए।
समाधान दिवस में राम गोपाल शुक्ल ने भी शिकायत दर्ज कराई। कहा कि न्यायालय का स्थगन आदेश होने के बाद भी विपक्षी निर्माण कार्य करा रहे हैं। डीएम ने न्यायालय के आदेश का पालन कराने का आदेश दिया। सायरा बानो ने पट्टे की भूमि पर निर्माण कार्य न होने देने का आरोप लगाया। इस पर टीम बनाकर कार्रवाई करने के लिए कहा गया।
महराजगंज तराई थाने में आयोजित समाधान दिवस में कनहरा निवासी लक्ष्मी नारायण ने भूमि विवाद को लेकर शिकायत दर्ज कराई। रूप नगर निवासी राम तीरथ ने बताया कि खेत की पैमाइश के बाद लगाए गए निशान को विपक्षियों ने मिटा दिया है।
हरैया सतघरवा थाने में समाधान दिवस में कुल छह प्रार्थनापत्र आए। इनमें से तीन का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। उदईपुर मजगवां निवासी भीखू ने बताया कि पिछले थाना समाधान दिवस में प्रार्थनापत्र दिया था, लेकिन लेखपाल के नहीं मिलने से समस्या दूर नहीं हो सकी। बद्री प्रसाद, त्रिलोकीनाथ तथा शांति प्रसाद ने बताया कि पिछले तीन थाना समाधान दिवस से चक्कर काट रहा हूं, मगर राजस्वकर्मियों की वजह से शिकायत का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। गैसड़ी व पचपेड़वा थाने में आयोजित समाधान दिवस में एडीएम प्रदीप कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनीं।