बलरामपुर के टेंगनहिया के पास कटान का निरीक्षण करते अधिकारी ।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। कटान से जूझ रहे टेंगनहिया गांव में बृहस्पतिवार को कटानरोधी कार्य की शुरुआत कर दी गई। गांव में मस्जिद समेत 35 घर राप्ती से हो रही कटान की जद में आ गए थे। इसे लेकर अमर उजाला में नौ सितंबर को खबर प्रकाशित की गई थी। संज्ञान लेते हुए बुधवार को एसडीएम ने लेखपाल से रिपोर्ट मांगी थी। बृहस्पतिवार को कार्य शुरू करा दिया गया।
आपदा विशेषज्ञ अरुण सिंह, बाढ़ खंड के एई अंकित वर्मा, जेई संजय गुप्त, अतुल मौर्य व विकास मिश्र ने बृहस्पतिवार को टेंगनहिया गांव का निरीक्षण कर मस्जिद के पास कटानरोधी कार्य शुरू करा दिया है। बोरियों में मिट्टी व बालू भरकर कटान के पास नदी में डाला जा रहा है। बंबूक्रेट बनाकर कटान पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
डीएम ने एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योति राय को कटानरोधी कार्य की निगरानी करने की जिम्मेदारी साैंपी है। कटानरोधी कार्य शुरू होने पर ग्रामीणों ने अमर उजाला को धन्यवाद दिया। ग्रामीण अकरम, सिरताज, पारस यादव, रामचंद्र यादव, नजीर, रजिउल्लाह, लुब्बा प्रधान, सफीउल्ला, साजिद अली, नसरुल्ला व मशहुद्दीन आदि ने खुशी जताई। कहा कि अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने कटानरोधी कार्य कराने का संज्ञान लिया है। यदि कटानरोधी कार्य न होता तो मस्जिद के साथ गांव के 35 घर भी नदी में समाहित हो जाते। कटानरोधी कार्य होने से अब पूरा गांव सुरक्षित हो जाएगा।