बलरामपुर। परिवहन विभाग में पंजीकृत जिले के 161 विद्यालयों में दौड़ रहे 424 वाहनों में से 113 में कमियां मिली हैं। एआरटीओ बृजेश यादव ने बताया कि इन वाहन संचालकों से जवाब तलब किया गया है। सात दिन में संतोषजनक जवाब न देने पर कार्रवाई होगी। बिना फिटनेस व अन्य कमियां मिलने पर वाहनों को सीज कर दिया जाएगा।
विद्यालयों के वाहनों से आने-जाने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग सतर्कता बरत रहा है। विद्यालयों में चलने वाले वाहनों की सुरक्षा के लिए कड़े नियम व मानक बनाए गए हैं, जिनका पालन करना आवश्यक है। इसमें वाहनों की फिटनेस, चालकों का पुलिस सत्यापन, स्पीड गवर्नर, अग्निशमन यंत्र व आपातकालीन निकास जैसी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करना शामिल है। परिवहन विभाग और जिला प्रशासन नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का पालन न करने वाले वाहनों संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है।
की जा रही कार्रवाई
नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाकर मानकों का पालन न करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है। स्कूल वाहन सुरक्षा समितियों को सक्रिय किया गया है। नियमित बैठकें करके नियमों के अनुरूप वाहनों को स्कूल संचालन में लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
-बृजेश यादव, एआरटीओ बलरामपुर