बलरामपुर। निबोरिया सुदर्शनजोत निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य सरोज सिंह की हत्या व चोरी के मामले में पुलिस ने एक और अंतरजनपदीय बदमाश सोनेलाल को गिरफ्तार किया है। मूल रूप से सीतापुर के लहरपुर थाने के लोनियनपुरवा कुट्टी सुपौली निवासी सोनेलाल पर बलरामपुर के साथ ही सीतापुर, देवरिया व सिद्धार्थनगर थाने में मुकदमे दर्ज हैं।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य की 12-13 नवंबर की रात बदमाशों ने घर में घुसकर हत्या कर दी थी। साथ ही आलमारी तोड़कर जेवरात, रुपये व रिवाॅल्वर चोरी कर ले गए थे। मामले में मृतक के बेटे अखिलेश बहादुर सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने 17 नवंबर की देर शाम जरवा में पुलिस मुठभेड़ के दौरान सीतापुर जिले के तंबौर थाने के कोलगढ़ गांव निवासी बच्छराज को पकड़ा था। उससे हुई पूछताछ के बाद सामने आए दो अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही पकड़कर जेल भेज चुकी है।
एसपी विकास कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को पुलिस ने इस मामले में वांछित चल रहे सोनेलाल निवासी लोनियनपुरवा कुट्टी सुपौली थाना लहरपुर जनपद सीतापुर को खरझार नाला ग्राम मुडिला थाना महराजगंज तराई से पकड़ा है। पुलिस का दावा है कि घटना से पहले व बाद में मिले साक्ष्यों के आधार पर यह पाया गया है कि पूर्व नियोजित तरीके से एक संगठित गिरोह के रूप में वारदात को अंजाम दिया गया था। पकड़े गए सोनेलाल को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
ललिया में भी चोरी में शामिल था सोनेलाल
एसओ ललिया बृजानंद सिंह ने बताया कि महाराजगंज तराई में हत्या व चोरी के आरोप में गिरफ्तार सोनेलाल ने ललिया थाने के इमिलिया गांव निवासी अजय कुमार सिंह के यहां चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उस वक्त मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में भी पुलिस सोनेलाल की तलाश कर रही थी। वहीं, सोनेलाल के खिलाफ देवरिया में तीन, सीतापुर में तीन, सिद्धार्थनगर में दो के साथ ही कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं।
उघैती क्षेत्र में नलकूप का कनेक्शन काटते बिजली विभाग के कर्मचारी। संवाद
उघैती क्षेत्र में नलकूप का कनेक्शन काटते बिजली विभाग के कर्मचारी। संवाद