बलरामपुर। बेसिक विद्यालयों की वार्षिक परीक्षाएं बुधवार 20 मार्च से शुरू होगी। पहली बार बेसिक विद्यालयों की परीक्षा में भी निगरानी के लिए माध्यमिक की तरह ही सचल दस्ता भी गठित किया है। सचल दल में बीईओ के साथ ही जिला समन्वयक और एआरपी शामिल होंगे। कक्षा एक से आठ की परीक्षा में इस बार 1.43 बच्चे शामिल होंगे।
बेसिक शिक्षा अधिकारी कल्पना देवी ने बताया कि वार्षिक परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन माहौल में संपन्न कराने की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। सभी बीईओ के साथ जिला समन्वयकों को भ्रमण के लिए लगाया जाएगा। इसके साथ ही ब्लॉक स्तर पर निगरानी के लिए एआरपी को भी जिम्मेदारी दी गई है। सभी परीक्षाएं दो पाली में आयोजित होगी। बताया कि कक्षा पांच तक के बच्चों की मौखिक व लिखित जबकि कक्षा 5 से 8 तक की लिखित परीक्षा होगी। बीएसए ने बताया कि सभी कक्षाओं के प्रश्नपत्र सील पैक कर विद्यालयवार स्लिप लगाकर सुरक्षित तरह से तैयार करा लिए गए हैं। ब्लॉक मुख्यालय प्रतिदिन परीक्षा से एक घंटा पहले विद्यालयों में यह प्रश्नपत्र के पैकेट भेजे जाएंगे।