-बलरामपुर के एसोसिएशन कार्यालय पर प्रदर्शन करते वकील ।-स्रोत: संघ
बलरामपुर। ऑल इंडिया रूरल बार एसोसिएशन की प्रदेश व्यापी अधिवक्ता सुरक्षा यात्रा बृहस्पतिवार को दोपहर बाद बलरामपुर के सदर तहसील में पहुंची। सदर तहसील परिसर में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम पारित करने की मांग को लेकर वकीलों ने प्रदर्शन किया।
अधिवक्ता सुरक्षा यात्रा एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश शुक्ल के नेतृत्व में लखनऊ से गोंडा व बहराइच होते हुए यहां सदर तहसील परिसर में पहुंची। वकीलों ने बार एसोसिएशन कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। सभा को संबोधित करते ज्ञान प्रकाश शुक्ल ने कहा कि संसद के आगामी बजट सत्र में केंद्र सरकार हर हाल में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम को विधेयक के रूप में पारित कराए। वकीलों की सुरक्षा व सम्मान को लेकर आए दिन आपत्तिजनक घटनाएं होना चिंताजनक है। हाल ही में बाराबंकी जिले में पुलिस ने कचेहरी परिसर में वकीलों के साथ मारपीट की। पुलिस व अपराधी कानून की आवाज उठा रहे वकीलों पर रोज हमलावर हो रहे हैं। यदि संसद के बजट सत्र में विधेयक पारित न हुआ तो अधिवक्ता एकजुट होकर संसद भवन का घेराव करेंगे।
एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव अनिल कुमार तिवारी ने कहा कि प्रदेश के शिक्षकों व कर्मचारियों की तरह वकीलों को भी पांच लाख का कैशलेस हेल्थ बीमा अविलंब प्रदान किया जाए। अनिल कुमार तिवारी ने कहा कि वकीलों की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति सरकार की तरफ से बरती जा रही उदासीनता को लेकर संघर्ष और मुखर होगा। इस मौके पर आनंद किशोर शुक्ल, राजकुमार शुक्ल, अमरेश बहादुर वर्मा, संतोष तिवारी, हरिकांत यादव, कृष्णचंद्र गुप्त, शिवम उपाध्याय, नानबाबू मणि तिवारी, नूरूलहुदा व अवनीश मिश्र आदि मौजूद रहे।