कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते सपा के पदधिकारी व कार्यकर्ता।
बलरामपुर। गन्ना क्रय की धीमी गति, बाहरी जनपद से गन्ना खरीदे जाने और भुगतान में देरी को लेकर मंगलवार को समाजवादी पार्टी ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर समस्या के तत्काल समाधान की मांग की।
गैसड़ी विधायक राकेश यादव ने कहा कि बलरामपुर चीनी मिल, तुलसीपुर चीनी मिल, बजाज चीनी मिल इटई मैदा द्वारा किसानों का गन्ना बहुत धीमी गति से खरीदा जा रहा है। इससे किसानों का गन्ना खेतों में खड़ा रह जा रहा है और वे समय पर रबी फसलों की बुवाई नहीं कर पा रहे हैं। आरोप लगाया गया कि स्थानीय किसानों की उपेक्षा कर दूसरे जनपदों से गन्ना खरीदा जा रहा है, जिससे जिले के किसान आर्थिक संकट में हैं।
जिला महासचिव नरसिंह पाल यादव ने कहा कि बजाज चीनी मिल इटई मैदा द्वारा गन्ना मूल्य का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है। इस अवसर पर बाबू राम यादव, महेंद्र यादव, विशाल श्रीवास्तव, अदुल मशूहद खां, मनीष चंद्र सोनकर व विजय कुमार मौर्या आदि मौजूद रहे।