बलरामपुर। ई रिक्शा संचालन का ठेका उठाए जाने व प्रतिदिन 20 रुपये की वसूली से नाराज ई रिक्शा चालकों ने शुक्रवार को शहर में घूम-घूमकर प्रदर्शन किया। कई जगहों पर जाम लगाया। बाद में कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। हड़ताल से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ई-रिक्शा चालकों ने शुक्रवार को गोंडा, तुलसीपुर व बहराइच रोड पर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। धर्मेंद्र, राजू, सोनू, प्रमोद, रमेश व इरफान आदि ई-रिक्शा चालक नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपनी मांगों के समर्थन में ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। चक्का जाम के कारण जगह-जगह जाम की समस्या उत्पन्न हो गई। इससे लोगों को आवागमन करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मुश्किल से होता है गुजर-बसर
ई रिक्शा चालकों अपनी समस्या को बयां करते हुए बताया कि वे किराए पर वाहन लेकर किसी तरह दिनभर कड़ी मेहनत करके 300 से 400 रुपये कमाते हैं। इसमें से 250 रुपये किराए में निकल जाता है, बाकी बचे रुपयों से परिवार का किसी तरह गुजर-बसर होता है। ऐसे में यदि 20 रुपये वसूली होने लगेगी तो हमारा गुजारा कैसे चलेगा। कहा कि जो रसीद दी जा रही है उसपर न तो किसी का हस्ताक्षर है और न ही स्टैंप लगा है।
यात्रियों को हुई परेशानी
ई रिक्शा चालकों की हड़ताल के चलते यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रोडवेज बस स्टेशन व झारखंडी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे यात्रियों को पैदल ही आवागमन करना पड़ा। राजू, नगीना व सुरेश आदि ने बताया कि ई रिक्शा न मिलने के कारण वह खुद अपना सामान लेकर पैदल चल पड़े।
नियमानुसार की जा रही है वसूली
एक निजी संस्था के माध्यम से ई रिक्शा चालकों से 20 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से नियमानुसार वसूली की जा रही है। इससे नगर पालिका की आय बढ़ेगी, जो विकास कार्य में खर्च किए जाएंगे।
- डीपी सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि, बलरामपुर
भीम आर्मी ने दी आंदोलन की चेतावनी
भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष लंकेश लालजी लहरी ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के अंदर गरीब ई रिक्शा चालकों से वसूली बंद नहीं की गई तो हम लोग प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि आसपास किसी भी जनपद में अभी तक ई-रिक्शा चालकों से वसूली नहीं की जा रही है। केवल नगर पालिका परिषद बलरामपुर ही मनमानी तरीके से वसूली कर रहा है।