डीएवी इंटर कॉलेज के सामने नाराज छात्रों को समझाती पुलिस।
बलरामपुर। डीएवी इंटर कॉलेज में मंगलवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब प्रबंधक की ओर से नोटिस दिए जाने से नाराज एक शिक्षक ने छात्रों को साथ लेकर सड़क जाम करने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
कॉलेज प्रबंधक संजय तिवारी ने शिक्षक अशोक कुमार तिवारी को अनुशासनहीनता और कर्मचारी नियमावली के उल्लंघन के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया था। नोटिस मिलने के बाद शिक्षक ने छात्रों को फीस वापसी का भरोसा दिलाते हुए उन्हें उकसाया और विद्यालय के सामने तुलसीपुर मार्ग पर जाम लगाने की कोशिश की।
इससे कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। आवागमन प्रभावित होने लगा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया। शिक्षक ने प्रबंधक पर मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि प्रबंधक ने आरोपों को निराधार बताया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।