बलरामपुर के तुलसीपुर में महंत को ज्ञापन सौंपती आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ।-स्रोत : संगठन
तुलसीपुर। गैसड़ी ब्लॉक में तैनात सीडीपीओ शिवकुमार मिश्र पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से अवैध रूप से प्रति कार्यकर्ता दो-दो हजार रुपये वसूले जाने के आरोप ने तूल पकड़ लिया है। आक्रोशित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर परिसर में एकत्र होकर प्रदर्शन किया। साथ ही मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन शक्तिपीठ के पीठाधीश्वर मिथलेशनाथ योगी को सौंपा।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रेशम सिंह ने आरोप लगाया कि सीडीपीओ लंबे समय से अवैध वसूली कर रहे हैं। जब इसका विरोध किया गया तो कार्यालय में तैनात संविदा कर्मी बाबू वीरेंद्र सिंह चौहान को मामले में फंसा दिया। बाबू के खिलाफ गलत रिपोर्ट लगाकर हटवा दिया गया। इस कार्रवाई से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है।
प्रदर्शन कर रहे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक सीडीपीओ शिवकुमार मिश्र को पद से नहीं हटाया जाता है और संविदा कर्मी बाबू वीरेंद्र सिंह चौहान को पुनः गैसड़ी ब्लॉक में तैनात नहीं किया जाता है, तब तक सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कार्य बहिष्कार जारी रखेंगी। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर के पीठाधीश्वर मिथलेशनाथ योगी ने ज्ञापन को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
इस दौरान बीना सिंह, सरिता भारती, रीता यादव, मधु भारती, संतोष पांडे, सरोज पांडे, प्रभावती, ममता, हरजीत कौर, रात्रि देवी, संजू गुप्ता, अमिता मिश्रा, शाहिद आदि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं। वहीं सीडीपीओ शिवकुमार मिश्र ने आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन किसी के उकसाने पर हो रहा है।