बलरामपुर। नगर के डिवाइन पब्लिक स्कूल में सोमवार को कक्षा दो की सात वर्षीय छात्रा खालवा मोहल्ला निवासी वैष्णवी तिवारी की स्कूल में तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश हो गई। स्कूल के प्रबंधक आशीष उपाध्याय ने बताया कि उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिस दौरान छात्रा की तबीयत बिगड़ी उस समय स्कूल के बगल से गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा गुजर रही थी और तेज आवाज में डीजे बज रहा था।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने छात्रा के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया, इसलिए उसकी मौत का चिकित्सकीय कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मृतका के पिता सोनू तिवारी ने कहा कि उन्होंने कोई शिकायत नहीं की है। वह परिवार के साथ सिद्धार्थनगर जिले के पैतृक गांव आ गए हैं। बताया कि उन्हें बेटी की तबीयत खराब होने की सूचना स्कूल से मिली थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी को पहले से कोई बीमारी नहीं थी।
वहीं, छात्रा की मौत के बाद सोशल मीडिया पर डीजे की तेज आवाज को घटना से जोड़कर सवाल उठाए गए। पूर्व युवा बार संघ अध्यक्ष अमित पांडेय ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर प्रशासन से मामले में जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया से जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की है। परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। जांच में छात्रा के स्कूल में बेहोश होने की जानकारी सामने आई है। विसर्जन यात्रा से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी जुटाए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।
छात्रा की मौत की चर्चा के बाद गणेश और दुर्गा पूजा से जुड़ी दो समितियों के पदाधिकारियों ने इस्तीफे की घोषणा की है। श्री गणपति महोत्सव केंद्रीय समन्वय समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. तुलसीश दूबे और केंद्रीय गणेश पूजा महोत्सव समिति के मंत्री अंकुर चौहान ने सोशल मीडिया पर इस्तीफे की जानकारी साझा की।