बलरामपुर। अमीरपुरवा और गंगापुर लखना के ग्रामीणों को जल्द ही बेहतर सड़क की सुविधा मिलने की उम्मीद है। श्री बाबा श्याम जी उद्योग राइस मिल विरतिहवा से अमीरपुरवा और गंगापुर लखना होते हुए खगईजोत कल्लू बनकट तक सड़क का निर्माण कराया जाएगा। लॉजिस्टिक योजना के तहत प्रस्तावित इस परियोजना पर 2.74 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। बजट पास हो चुका है।
सड़क बनने से दोनों गांवों के साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। लोगों को बाजार, शिक्षण संस्थानों और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। रोजमर्रा के कामकाज के लिए आने-जाने वाले ग्रामीणों का समय बचेगा। बेहतर सड़क होने से छोटे कारोबारियों और किसानों को भी अपने सामान की आवाजाही में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
क्षेत्रवासी मोहित, विजय, राजू व शकील का कहना है कि सड़क निर्माण होने से ग्रामीणों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी। माहतो ने बताया कि इस मार्ग से आसपास के कई गांवों के लोग आते-जाते हैं। राजेंद्र के मुताबिक, सड़क बेहतर होने से बाजार तक पहुंचना आसान होगा। वहीं, विक्की ने कहा कि मार्ग बनने से ग्रामीणों को लंबे समय से होने वाली आवागमन की परेशानी से छुटकारा मिलेगा।
अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि सड़क निर्माण से संबंधित कार्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत कराया जाएगा। निर्माण में गुणवत्ता और तय मानकों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।