शारदा पब्लिक स्कूल में परीक्षार्थियों का स्वागत करती शिक्षिका।
बलरामपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की परीक्षाएं मंगलवार से जिले में शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो गई। पहले दिन जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल की गणित विषय की परीक्षा कराई गई। परीक्षा में पंजीकृत 1,026 विद्यार्थियों में से 1,018 ने परीक्षा दी, जबकि आठ अनुपस्थित रहे। सभी केंद्रों पर परीक्षार्थियों को तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर 12 विद्यालयों के छात्र परीक्षा में शामिल हुए। सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल केंद्र पर गणित बेसिक में 254 में से 253 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, वहीं एक विद्यार्थी अनुपस्थित रहा। गणित स्टैंडर्ड में सभी 138 छात्र शामिल हुए। केंद्रीय विद्यालय परीक्षा केंद्र पर हाईस्कूल गणित बेसिक की परीक्षा में 206 में से 202 परीक्षार्थी उपस्थित रहे।
चार ने परीक्षा छोड़ दी। यहां पर गणित स्टैंडर्ड की परीक्षा में सभी 100 छात्र शामिल हुए। शारदा पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर हाईस्कूल गणित बेसिक में 152 में से 150 और गणित स्टैंडर्ड में 176 में से 175 छात्रों ने परीक्षा दी। यहां पर तीन विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।