तहरीर के अनुसार एएनएम ने आरोप लगाया है कि वह 13 नवंबर की रात 12.30 बजे लेबर रूम में थी। आरोप है कि पीएचसी के चिकित्साधिकारी शराब के नशे में आए और गाली देने लगे। उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया। किसी तरह वह लेबर रूम से भागकर बाहर आईं। आरोप है कि चिकित्साधिकारी ने धमकी दी कि किसी से शिकायत की तो नौकरी से निकलवा दूंगा।
थाना प्रभारी राम मोहन सिंह ने बताया कि महिला दरोगा आकांक्षा तिवारी से जांच कराई गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। एएनएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी को भी प्रार्थनापत्र देकर चिकित्साधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
-
समिति के सदस्यों ने लिए बयान
जांच समिति में शामिल एसीएमओ डॉ. एके शुक्ल व तुलसीपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. विकल्प मिश्र ने सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कौवापुर पहुंचकर जांच शुरू की। चिकित्साधिकारी व एएनएम के बयान दर्ज किए। मामले में सीएचसी अधीक्षक ने कुछ भी जानकारी देने से इन्कार कर दिया।
-
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
चिकित्साधिकारी के खिलाफ मामले की जांच कराई जा रही है। जांच होने तक उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) से हटा दिया गया है। यदि जांच में दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।
-डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी, सीएमओ बलरामपुर