गौरा चौराहा (बलरामपुर)। गैसड़ी ब्लॉक के हरनहवा सुस्ता गांव में सार्वजनिक शौचालय के निर्माण में अनियमितता बरते जाने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर सार्वजनिक शौचालय के निर्माण की जांच कराकर दोषियों के कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीण सतीश कुमार, अशोक कुमार, महेंद्र भारती, ओमशंकर, मदनलाल, संतोष तिवारी, रहीम खान व नंदलाल मौर्य आदि ने डीएम को भेजे गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि हरनहवा सुस्ता गांव के सार्वजनिक शौचालय निर्माण में घोर अनियिमतता बरती जा रही है।
निर्माण में मानक व गुणवत्ता की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। सीमेंट व बालू की सही मात्रा का प्रयोग नहीं किया जा रहा है। समस्या का निराकरण कराने के लिए कई बार बीडीओ गैसड़ी से शिकायत की गई लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इन लोगों ने डीएम से सार्वजनिक शौचालय के निर्माण की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।