बलरामपुर के उतरौला में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते विधायक राम प्रताप वर्मा।
उतरौला (बलरामपुर)। डबल इंजन की सरकार में देश व प्रदेश का तेजी से विकास हो रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य व गरीब कल्याण के क्षेत्र में मोदी-योगी की सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किया है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्रों को मिल रहा है।
यह बातें उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा ने बृहस्पतिवार को नगर स्थित भाजपा कार्यालय में मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरा होने पर प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। कोरोना काल में जहां कई देशों की अर्थव्यवस्था चौपट हो गई, वहीं मोदी सरकार की नीतियों के चलते भारत की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हुई है। किसानों की स्थिति में सुधार के लिए 2.60 करोड़ किसानों को 52190 करोड़ रुपये खाते में भेजे गए हैं। पीएम आवास योजना के तहत करोड़ों लाभार्थियों को पक्का घर, उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त रसोई गैस व पात्र गृहस्थी लाभार्थियों को मुफ्त खाद्यान्न का लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश का सर्वांगीण विकास हुआ है। सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में योगी सरकार द्वारा किए गए ऐतिहासिक कार्यों की सराहना हर तरफ हो रही है। कानून व्यवस्था के क्षेत्र में किए गए कार्यों को दूसरे प्रदेश भी अपनाने लगे हैं। प्रदेश में 175 अपराधियों को मुठभेड़ में मार गिराया गया है। अपराधी व माफियाओं द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई दाे हजार 819 करोड़ से अधिक रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
क्षेत्र के विकास को लेकर विधायक ने कहा कि एक साल के अंदर ही 35 करोड़ रुपये से सड़कों का निर्माण कराया गया। 22 लाख रुपये से नहरों की सिल्ट सफाई व स्क्रेपिंग का कार्य कराया गया। एलनपुर में कटान निरोधक कार्य कराने से 14500 आबादी लाभान्वित हुई है। 13.30 लाख रुपये से शुद्ध पेयजल के लिए पानी टंकी का निर्माण कराया गया। 36.66 लाख रुपये से पलिहरनाथ मंदिर का सौंदर्यीकरण हुआ है। इसके लिए 22 करोड़ रुपये से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की पैचिंग का कार्य कराया गया है। बाढ़ से तबाह हुए 26162 किसानों को नुकसान हुई फसल का मुआवजा दिलाया गया है। प्रेसवार्ता के दौरान विधानसभा प्रभारी सुधीर श्रीवास्तव, फणींद्र गुप्ता, प्रमोद जायसवाल, केके गुप्ता व अतुल यादव आदि मौजूद रहे।