बलरामपुर में मशाल प्रज्जवलित कर टूर्नामेंट का उद्घाटन करते मुख्य अतिथि व अन्य।
बलरामपुर। एमएलके महाविद्यालय के खेल मैदान में बृहस्पतिवार को महाराजा सर बीपी सिंह अखिल भारतीय प्राइजमनी हाॅकी टूर्नामेंट का शुभारंभ रंगारंग कार्यक्रमों के साथ हुआ। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। 30 दिसंबर तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में देश की 14 नामचीन टीमें भाग लेंगी। टूर्नामेंट का उद्धाटन मैच रवि रोशन हाॅकी एकेडमी पटना व मेघबरन सिंह हाॅकी एकेडमी गाजीपुर के बीच खेला गया। इसमें गाजीपुर की टीम विजेता रही।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि व आदिशक्ति मां पाटेश्वरी राजकीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रवि शंकर सिंह ने मशाल प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने शांति के प्रतीक कबूतर व रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर टूर्नामेंट की सफलता की कामना की। प्राचार्य प्रो. जेपी पांडेय ने मुख्य अतिथि व आयोजन समिति के सदस्यों ने अन्य अतिथियों का माल्यार्पण व बैज अलंकरण कर स्वागत किया। प्राचार्य प्रो. जेपी पांडेय ने टूर्नामेंट की रूपरेखा प्रस्तुत की। एनसीसी के कैडेटों ने मुख्य अतिथि को गाॅड ऑफ ऑनर दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत की। फगुनवा मा रंग रस रस बरसे... गीत पर महाविद्यालय की छात्रा शिखा पांडेय ने नृत्य प्रस्तुत करके सभी का मन मोह लिया। महाभारत पर आधारित लघु नाटिका में नृत्य व अभिनय कर पायनियर पब्लिक स्कूल के बच्चों ने खूब वाहवाही बटोरी। हे माही भवानी गीत पर एमएलके महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने समूह नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस दौरान महाविद्यालय प्रबंध समिति के सचिव सेवानिवृत्त कर्नल आरके मोहंता, संयुक्त सचिव बृजेश सिंह, एलबीएस महाविद्यालय गोंडा के प्राचार्य डॉ. आरके पांडेय, गायत्री विद्या पीठ रिसिया बहराइच के प्रो. डीडी तिवारी, आयोजन समिति के सचिव डाॅ. राजीव रंजन, बसपा नेता शाबान अली, भाजपा नेता अजय सिंह पिंकू सहित कई मौजूद रहे।