बलरामपुर के उतरौला में पैदल गश्त करते एसपी देवरंजन वर्मा।
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर जिले में पुलिस प्रशासन की तरफ से अलर्ट जारी किया गया है। जिले के प्रमुख मस्जिद व ईदगाहों पर शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था के कड़े प्रबंध किए गए हैं। जिले के सभी थानों की पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने में जुट गई है। अराजक तत्वों पर पुलिस की दिन भर पैनी नजर रही। अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी है।
एसपी देवरंजन वर्मा ने शुक्रवार को सीएए व एनआरसी प्रोटेस्ट दृष्टि को ध्यान में रखते हुए जिले भर में सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए कड़े प्रबंध किए गए। थानों व कोतवालियों में भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा के संबंध में जानकारियां दी गई।
एएसपी अरविंद मिश्र, सीओ सिटी कर्मवीर सिंह, प्रभारी निरीक्षक नगर कोतवाली रामाश्रय राय, प्रभारी निरीक्षक देहात कोतवाली धीरेंद्र सिंह के साथ जनपदीय क्यूआर टीम, प्रभारी यूपी 112 नरेंद्र कुमार, अपराध शाखा में नियुक्त सभी निरीक्षक और पुलिस कार्यालय में तैनात सभी अफसरों व कर्मियों ने साझा मार्च निकालकर प्रशासन की हनक दिखाई।
गैसड़ी कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक डीडी मिश्र, जरवा कोतवाली, तुलसीपुर थाना, गौरा चौराहा थाना, हरैया थाना, महराजगंज तराई थाना, ललिया थाना, सादुल्लाहनगर थाना, रेहरा बाजार थाना और उतरौला कोतवाली में भी भारी सुरक्षा बलों ने मार्च निकालकर लोगों से शांति कायम रखने की अपील की। एनआरसी व सीएए के संबंध में संवेदनशील स्थानों पर पहुंचकर लोगों के गतिविधियों पर परख की गई। एसपी ने बताया कि मस्जिद व ईदगाहों पर सिविल व ड्रेस में महिला और पुरुष जवानों को निगरानी के लिए तैनात किया गया।