बलरामपुर। अग्रवाल सभा द्वारा श्री महाराजा अग्रसेन मंदिर प्रांगण में आयोजित आठ दिवसीय अग्रसेन जयंती समारोह का समापन विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। इस अवसर पर मेधावियों को सम्मानित कर प्रशंसी पत्र प्रदान किए गए।
इस दौरान खेलकूद, रंगोली, क्रिकेट, बैडमिंटन, गौ सेवा, रक्तदान, नेत्र जांच शिविर, फिजियोथेरेपी व आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर व कुष्ठ रोग संबंधित एक संगोष्ठी के साथ ही बेबी शो व फैंसी ड्रेस का भी आयोजन हुआ। सोमवार को पूजन, हवन व ध्वजारोहण के साथ आठ दिवसीय समारोह का उत्साह के साथ समापन हुआ। समापन दिवस पर दोपहर में सर्व समाज के लिए श्री महाराजा अग्रसेन मंदिर के मुख्य द्वार पर एक भव्य भंडारे का आयोजन कर प्रसाद का वितरण भी हुआ।
सायंकाल महाराजा अग्रसेन की आरती के पश्चात सचिव मनीष तुलस्यान ने संगठन की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में अध्यक्ष निष्काम गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष राजीव अग्रवाल को सभा की तरफ से स्मृति चिह्न के साथ ही समाज के मेधावी बच्चों को शिक्षण कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गोल्ड मेडल, प्रमाणपत्र व पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विनोद बंसल, सौम्य अग्रवाल, अजय अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, पवन अग्रवाल, मूलचंद अग्रवाल, मोहनलाल अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल सहित अग्रवाल समाज से जुड़े अन्य लोग मौजूद रहे।