ृोटो-11-बलरामपुर के आंगनबाड़ी केंद्र पर पोषण पखवाड़ा के तहत बच्चे के सेहत की जांच करती आंगनबाड़ी क?
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। जिले के 1882 आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण पखवाड़ा मनाने की मुहिम शुरू हो गई है। चार अप्रैल तक जिले भर में अभियान चलाकर जीरो से छह साल तक के बच्चों को सेहतमंद रखने के लिए माताओं को सुझाव दिए जाएंगे। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर नवजातों का वजन व लंबाई मापकर उनके शारीरिक व मानसिक कमजोरी का पता लगाया जाएगा। शारीरिक व मानसिक रूप से कमजोर बच्चों को स्वस्थ व सेहतमंद बनाए रखने के लिए माताओं को सावधान रहने के लिए सतर्क किया जाएगा।
डीपीओ निहारिका विश्वकर्मा ने गुरुवार को बताया कि जिले के सभी 10 परियोजनाओं से जुडे़ 1882 आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण पखवाड़ा के कार्यक्रम शुरू करा दिए गए हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपने क्षेत्र के गर्भवती व धात्री महिलाओं को एकत्रित करके उन्हें सेहतमंद रहने के लिए जागरूक किया। सीडीपीओ बाल विकास परियोजना उतरौला सत्येंद्र सिंह, गैड़ास बुजुर्ग राजेंद्र कुमार, गैसड़ी गरिमा श्रीवास्तव, हरैया सतघरवा प्रियंका दूबे व श्रीदत्तगंज संजीव कुमार ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं की मदद से चार अप्रैल तक पोषण पखवाड़ा के कार्यक्रम कराए जाएंगे।
सीडीपीओ सदर राकेश शर्मा ने बताया कि देहात के 201 आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण के कार्यक्रम कराए जा रहे हैं। सीडीपीओ सदर ने आंगनबाड़ी केंद्र सिसई, बलरामपुर देहात व बिजलीपुर का औचक निरीक्षण किया। इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका आरती देवी, माया सिंह व तारा देवी आदि की तरफ से पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम कराए गए। बिजलीपुर में तीन माह के बच्चे को बीमार मिला। जिसका पीएचसी बलरामपुर में इलाज कराने का सुझाव दिया गया। सिसई केंद्र पर दो वर्ष की बालिका गायत्री सैम मिली जिसे जिला मेमोरियल अस्पताल स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने के लिए संदर्भित किया गया।