बलरामपुर। स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे माध्यमिक विद्यालयों की तीन दिवसीय 25वीं जनपदीय क्रीडा प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार हो गया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए एजी हाशमी इंटर कॉलेज सादुल्ल्हनगर 165 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियन बना। इसने दूसरी बार चैंपियन का खिताब हासिल किया। विजेता प्रतिभागियों को मेडल व शील्ड देकर जनप्रतिनिधियों ने सम्मानित किया।
प्रतियोगिता का समापन समारोह शुक्रवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच हुआ। सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ल व डीआईओएस गोविंद राम ने कार्यक्रम की शुरुआत की। सरदार बल्ल्भ भाई इंटर कॉलेज गालिबपुर की छात्राओं ने स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। एमपीपी इंटर कॉलेज के आशीष ने भक्ति गीत पर नृत्य प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
जिला क्रीडा समिति के सचिव मोहम्मद सुहेल ने बताया कि एजी हाशमी इंटर कॉलेज सादुल्लाहनगर की टीम गत वर्ष भी विजेता रही थी। इस बार भी शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनी है। इस अवसर पर नसीम अहमद, नवीन पाल, सईद अहमद, मदन लाल, अर्पण पांडेय, पंकज पांडेय, उमेश तिवारी व उमेश कुमार आदि मौजूद रहे।
इन खिलाड़ियों को मिला पुरस्कार
400 मीटर दौड़ बालिका वर्ग में अर्चना शर्मा प्रथम, साधना यादव द्वितीय व रिंका चौहान तृतीय स्थान पर रहीं। जूनियर बालिका वर्ग 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में कंचन प्रथम, अर्चना द्वितीय व अंशू देवी ने तृतीय स्थान हासिल किया। जूनियर बालक वर्ग चक्र क्षेपण में अमरदीप ने पहला, कामरान अकमल ने दूसरा और अब्दुल रहमान ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। जूनियर बालक वर्ग लंबी कूद प्रतियोगिता में कीर्तिनाथ प्रथम, जगदीश मौर्य द्वितीय व गोलू यादव तृतीय स्थान पर रहे। इसी तरह 1500 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, भाला फेंक, चक्का फेंक सहित अन्य स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों सम्मानित किया गया।