-बलरामपुर के देवीपाटन मंदिर में पूजा अर्चना करते श्रद्धालु।-संवाद
जरवा (बलरामपुर)। महाकुंभ प्रयागराज से लौटने के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ देवीदर्शन के लिए मां पाटेश्वरी मंदिर पहुंच रही है। मंदिर पर मुंडन, कर्णछेदन एवं वैवाहिक कार्यक्रमों के लिए भी लोगों की भारी उमड़ रही है। 12 फरवरी को माघ पूर्णिमा के अवसर पर जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में चाक चौबंद व्यवस्था की गई है।
प्रयागराज में महाकुंभ स्नान के बाद देवीपाटन मंदिर में पूजा-अर्चना की विशेष मान्यता है। इसी मान्यता के तहत श्रद्धालु कुंभ स्नान के बाद देवीपाटन में जुट रहे हैं। मंगलवार को गोंडा से आए राजेंद्र मिश्र, गीता मिश्रा व सुनील सिंह आदि ने बताया कि मां पाटेश्वरी के दरबार में मांगी गईं मुरादें पूरी होती हैं। मां पाटेश्वरी की पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं ने सूर्यकुंड में स्नान कर भैरव बाबा के दर्शन भी किए। मुंडन कराने बहराइच से आए संतोष कुमार गुप्त ने बताया कि हमारे यहां बच्चों का मुंडन देवीपाटन में ही होता है। वहीं बच्चे का कर्णछेदन कराने आए प्रमोद कुमार ने बताया कि हम लोगों का कोई भी शुभ कार्य हो, हमारा परिवार यहां मां पाटेश्वरी का आशीर्वाद लेने जरूर आता है।
माघ पूर्णिमा पर जुटेगी श्रद्धालुओं की भीड़
माघ पूर्णिमा पर देवीपाटन मंदिर के सूर्यकुंड में स्नान दान करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटेगी। इसको लेकर मंदिर परिसर में चाक चौबंद व्यवस्था की गई है। महंत मिथिलेश नाथ योगी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे से मंदिर परिसर की निगरानी की जाएगी।