बलरामपुर। राजकोष में पैसा जमा होने के बाद अनाज न मिलने से कोटेदारों में भारी आक्रोश है। कोटेदारों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर सोमवार को समस्या निराकरण के लिए डीएम को ज्ञापन सौंपा। समस्या निराकरण न होने पर कोटेदारों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
ऑल इंडिया फेयर प्राइज शॉप डीलर फेडरेशन के जिलाध्यक्ष जीवनलाल यादव, श्याम नरायन, शशि मिश्र, नसरुल्ला, जुबेर, मैनावती, रामकरन, प्रमोद कुमार, गंगाराम, गंगोत्री, राम प्रसाद, मनीराम, राम किशुन व सुनीता प्रजापति आदि ने डीएम को सौंपे गए ज्ञापन में कहा है कि पिछले महीने सभी कोटेदारों से पात्र गृहस्थी व अंत्योदय कार्डधारकों को राशन देने के लिए सरकारी कोष में पैसा जमा कराया गया।
सरकारी कोष में पैसा जमा होने के बाद भी पात्र गृहस्थी व अंत्योदय कार्डधारकों के लिए अभी तक कोटे की दुकानों पर राशन नहीं उपलब्ध कराया गया है। कमीशन, ढुलाई, भाडा व जमा पूंजी फंस जाने के कारण सभी कोटेदार आर्थिक तंगी से जूझ रहे है।
कोटेदार माल ढुलाई, भाड़ा व कमीशन भुगतान के लिए दौड़ लगा रहे है। सभी कोटेदारों को एमडीएम का वर्ष 1995 से बकाया कमीशन व ढुलाई भाड़ा तत्काल दिलाया जाएगा। प्रधानमंत्री गरीब अनाज वितरण योजना का गत व वर्तमान वित्तीय वर्ष का भाड़ा व कमीशन दिलाया जाए।
कोरोना काल में राशन वितरण का दायित्व निभाने वाले कोटेदारों के कोरोना महामारी के चलते मौत होने पर उनके परिजनों को 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाई जाए। अनाज वितरण केे लिए पिछले माह जमा कराई गई रकम कोटेदारों को वापस दिया जाए।
यदि इन समस्याओं का शीघ्र निस्तारण नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन करेंगे। डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को कोटेदारों की समस्याओं का निराकरण कराने का निर्देश दिया है।