बलरामपुर सदर तहसील का निरीक्षण करते नगर पालिका अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू व अन्य।
बलरामपुर। नगर की सफाई व्यवस्था परखने के लिए रविवार को नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने भगवतीगंज वार्ड व तहसील परिसर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई कर्मियों को बरसात से पहले सभी नालों की सफाई का काम पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही नालाें पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की अपील दुकानदार व स्थानीय लोगों से की।
अध्यक्ष ने कहा कि बरसात से पूर्व नगर के सभी नालों की सफाई करा ली जाए। जिससे बरसात में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। सार्वजनिक स्थलों व पानी टंकियों की भी नियमित सफाई कराई जाए। जिससे नगरवासियों को शुद्ध पानी मिल सके। दुकानदारों व नगरवासियों से अपील की कि नालों पर किए गए अतिक्रमण को स्वयं हटा लें जिससे उसकी विधिवत सफाई हो सके। पिछले साल आई बाढ़ की विभीषिका में नगरवासियों को परेशानी झेलनी पड़ी थी। आधा शहर पानी में डूब गया था। अध्यक्ष ने नगरवासियों से नाले में पॉलीथिन व प्लास्टिक आदि न फेंकने की अपील भी की।
इसी क्रम में चेयरमैन ने गदुरहवास मोहल्ले में स्थित पानी टंकी का निरीक्षण करते हुए उसकी नियमित सफाई करने का निर्देश कर्मचारियों को दिया। कहा कि नगर के सभी वार्डों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जानी चाहिए। इसमें लापरवाही करने वाले कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष कृष्ण गोपाल गुप्ता, संजय शर्मा , डीपी सिंह, शुभेंद्र गौरव मिश्रा, राकेश शर्मा, गंगा शर्मा व सुरेश गुप्ता समेत कई लौग मौजूद रहे।