बलरामपुर। दो मई से शुरु हो रहे जिले के सभी 9 ब्लॉकों के मतगणना स्थलों पर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिले के सभी 9 ब्लॉकों में 224 टेबुल पर दो मई से एक साथ मतगणना कराई जाएगी।
मतगणना कार्मिकों को वोटों की काउंटिंग कराने के लिए प्रशिक्षण दिया जा चुका है। डीएम श्रुति व एसपी हेमंत कुटियाल ने शनिवार को जिले के कई मतगणना स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और अफसरों व कर्मियों को चेतावनी दी।
डीएम व एसपी ने पूरे लाव-लश्कर के साथ एमपीपी इंटर कालेज पहुंचकर मतगणना स्थलों की सभी तैयारियों का जायजा लिया। एमपीपी इंटर कालेज में सदर ब्लॉक के 116 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद, 159 क्षेत्र पंचायतों में बीडीसी व छह जिला पंचायत सदस्यों के पदों पर कराए गए मतदान की मतगणना कराई जाएगी।
मौके पर तैनात अफसरों व कर्मियों को डीएम व एसपी ने शांति व सकुशल ढंग से मतगणना कराने का निर्देश दिया। डीएम ने बताया कि जिले के सभी मतगणना केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए है जिनकी निगरानी में काउंटिंग कराई जाएगी और अराजकता फैलाने वाले चिन्हित किए जाएंगे।
डीएम व एसपी ने हरैया सतघरवा ब्लॉक के 110 ग्राम पंचायतों में कराए गए ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्यों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों व जिला पंचायत सदस्यों के वोटों की काउंटिंग कराने वाले स्थल मोहनलाल रामलाल इंटर कालेज शिवपुरा का निरीक्षण कर जायजा लिया।
आरओ पवन कुमार सिंह ने बताया कि मथुरा बाजार ग्राम पंचायत में सबसे अधिक मतदाता है। यहां काउंटिंग के लिए तीन काउंटर बनाए गए है। अन्य न्याय पंचायतों में दो-दो काउंटर बनाए गए है।
हरैया सतघरवा ब्लॉक में कुल 14 न्याय पंचायतें है जहां 145 कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। मौके पर मौजूद डीपीआरओ नीलेश प्रताप सिंह ने मतगणना स्थलों पर कोरोना प्रोटोकाल से संबंधित संसाधन मुहैया कराने का आश्वासन दिया।
तुलसीपुर ब्लॉक के 100 ग्राम पंचायतों में कराए गए पंचायत चुनाव के सभी सीटों की मतगणना नवीन मंडी समिति तुलसीपुर में होगी जहां के तैयारियों का जायजा डीएम व एसपी ने लिया है।
डीएम व एसपी ने सभी मतगणना स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ बिजली, पानी व अन्य संसाधनों को समुचित ढंग से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। मतगणना स्थलों के निरीक्षण के दौरान सीओ सदर कुंवर प्रभात सिंह, बीडीओ सागर सिंह, एसआई मंगला प्रसाद द्विवेदी, सुरेश कुमार तिवारी, प्रदीप कुमार व नित्यानंद सिंह आदि मौजूद रहे।