तुलसीपुर। लोकसभा एवं विधानसभा की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में लापरवाही पर कार्रवाई शुरू हो गई है। तुलसीपुर तहसील में लापरवाही पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मनोज कुमार ने कार्रवाई की है। हरैया सतघरवा की खंड विकास अधिकारी पल्लवी सचान के साथ ही खंड शिक्षा अधिकारी सियाराम वर्मा व स्वामीनाथ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने बताया कि एसआईआर कार्य में लापरवाही मिलने पर सुपरवाइजर के रूप में कार्य कर रहे लेखपाल हेमंत द्विवेदी, संतोष पांडेय, कुलदीप यादव, सुरेश तिवारी, राकेश पांडेय, गरिमा श्रीवास्तव और अभिनव यादव को भी कारण बताओ नोटिस दिया गया है। इसके साथ ही लापरवाही के चलते जिन आठ बीएलओ का वेतन रोका गया है, उनमें उर्मिला शुक्ला, अनीता, अनुपम मिश्रा, राधित राम वर्मा, शहाबुद्दीन, मनीष कुमार सिंह, सरिता देवी और प्रतिभा सिंह शामिल हैं।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने कहा कि चुनावी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित कर्मियों को निर्धारित समय में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करना अनिवार्य है। आरोप है कि इन कर्मियों और अधिकारियों ने अभियान के तहत तय लक्ष्य को समय से पूरा नहीं किया है।
सदर तहसील में दस बीएलओ को चेतावनी
बलरामपुर। सदर तहसील के एसडीएम हेमंत गुप्त ने पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही पर दस बीएलओ को चेतावनी दी है। बताया कि बीएलओ दुर्गेश कुमार, धनेश्वर, निखिल व्यास, चंद्रप्रकाश ,हरिश्चंद्र, कपिल यादव, गौरव प्रताप सिंह, दीपक कुमार, हरि श्याम चतुर्वेदी व अंकित कुमार पांडे को चेतावनी दी है। सभी से जवाब तलब किया है। (संवाद)