बलरामपुर। घर से नमाज पढ़ने मस्जिद जा रहे युवक को पीछे से ट्रक ने रौंद दिया। घटनास्थल पर ही युवक की मौत हो गई। भगवतीगंज निवासी हसन मोहम्मद ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 4.30 बजे उनका भाई मोनू (25) साइकिल से नमाज पढ़ने मस्जिद जा रहा था। भगवतीगंज चौराहे के पास बलरामपुर से उतरौला जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने मोनू को रौंद दिया। घटनास्थल पर ही मोनू की मौत हो गई।
हादसे के कारण मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। भीड़ ने ट्रक को मौके पर ही रोक लिया और सूचना भगवतीगंज पुलिस चौकी को दी। नगर कोतवाल विमलेश सिंह ने बताया कि मृतक के भाई ने तहरीर दी है। ट्रक व चालक को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। मृतक के भाई हसन मोहम्मद ने बताया कि मोनू का एक बेटा मोहम्मद हसनैन (डेढ़ वर्ष) है। मोनू मुंबई में रहकर नौकरी करता था। मोनू की मौत से परिवारीजनों का रो रोकर बुरा हाल है।