तुलसीपुर (बलरामपुर)। नचौरा गांव में निर्माणाधीन मकान में शटरिंग के समय ऊपर से गुजरी 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन में सरिया छू गई। इससे सरिया में करंट उतर आया और युवक की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक अपने पिता के साथ मकान निर्माण के कार्य में हाथ बंटा रहा था।
विज्ञापन
नचौरा गांव के इस्लाम अपना घर बनवा रहे थे, जिसमें शटरिंग का कार्य गांव के ही अर्जुन वर्मा ने ले रखा था। शनिवार की दोपहर करीब एक बजे छत पर शटरिंग का कार्य हो रहा था। पिता अर्जुन का हाथ बंटाने के लिए उनका बेटा रोहित वर्मा भी पहुंचा था। शटरिंग में सरिया बिछाते समय उसे ऊपर से गई 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का ध्यान नहीं रहा। जिस सरिया को वह पकड़े था, वह एचटी लाइन में छू गया। जिससे करंट उतर आया और युवक रोहित झुलस गया। थोड़ी ही देर में उसकी मौत हो गई। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे ने बताया कि घटना की सूचना दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। अभी युवक का विवाह नहीं हुआ था। संवाद