बलरामपुर। चुनाव को लेकर प्रशासन ने हर निकाय में एक सखी बूथ बनाने का निर्णय लिया है। इन बूथों पर सिर्फ महिला कर्मचारी ही तैनात की जाएंगी। सखी बूथ पर महिला पुलिसकर्मी की तैनाती की जाएगी। मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए यह प्रबंध किए जा रहे हैं।
सीडीओ संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि निकाय चुनाव को देखते हुए कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिलाया जा चुका है। साथ ही अन्य प्रक्रिया चल रही है। सखी बूथों पर अलग से कर्मियों की तैनाती का निर्देश दिया गया है।
वहीं, तहसील सदर सभागार में उप जिलाधिकारी/उप जिला मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें वरिष्ठ कोषाधिकारी विनोद कुमार ने राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों को आय-व्यय के बारे में जानकारी दी। कहा कि निर्वाचन से संबंधित किसी प्रकार की जानकारी अपने वार्ड के आरओ से संपर्क कर प्राप्त कर सकते हैं।
उप जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि चुनाव प्रचार-प्रसार, मतदान दिवस तथा मतगणना दिवस में वाहनों का उपयोग प्रत्याशी बिना अनुमति के नहीं करेंगे।