बलरामपुर में मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते अधिवक्ता।-संवाद
बलरामपुर। अधिवक्ता एक्ट में अमेंडमेंट किए जाने के विरोध में वकीलों ने शुक्रवार को भी अपना विरोध जताया। अधिवक्ताओं ने दीवानी न्यायालय परिसर से कलेक्ट्रेट होते हुए सदर तहसील परिसर तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उपजिलाधिकारी सदर एसके यादव को मांग पत्र सौंपा।
बार संघ अध्यक्ष अजय बहादुर सिंह और महामंत्री केजी श्रीवास्तव ने बताया कि कानून में बदलाव करके अधिवक्ताओं के मौलिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। इसे किसी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। बार काउंसिल ऑफ यूपी ने सभी बार संघ पदाधिकारियों को काली पट्टी बांध कर विरोध दर्ज कराने के लिए पत्र भेजा था। उसी के समर्थन में विरोध करते हुए अमेंडमेंट बिल को वापस लेने की मांग की है। मांगे न माने जाने पर आंदोलन को तेज किया जाएगा।
अधिवक्ताओं ने अपने बाह में काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। इस दौरान कलेक्ट्रेट बार संघ अध्यक्ष रमेश चंद्र त्रिपाठी, महामंत्री कमलेश्वर सिंह, पूर्व अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह, पूर्व महामंत्री संजय, युवा बार संघ अध्यक्ष अनिल कुमार शुक्ल, विवेक सिंह, लालजी , मोहित श्रीवास्तव, शशि प्रकाश मिश्र व शिव योगी शुक्ल सहित तमाम अधिवक्ता मौजूद रहे।