फोटो-30-बलरामपुर के पचपेड़वा में स्थित शिवगढ़ धाम।-संवाद
उतरौला/पचपेड़वा/बलरामपुर। सावन मास के दूसरे सोमवार और त्रयोदशी (तेरस) के शुभ संयोग पर जिले के प्रमुख शिवालयों में जलाभिषेक व पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। नगर के झारखंडी मंदिर, उतरौला के दुखहरण नाथ मंदिर, राजापुर भरिया जंगल स्थित कल्पेश्वरनाथ मंदिर और पचपेड़वा के शिवगढ़ धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भोर से ही मंदिरों में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजेंगे।
नगर के झारखंडी मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मंदिर के महंत सोनू गिरि ने बताया कि भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और दर्शन के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। मान्यता है कि सावन सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने से कष्ट दूर होते हैं और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
उतरौला के दुखहरण नाथ मंदिर में सुबह चार बजे से श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख, समृद्धि और शांति की कामना करेंगे। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। दर्शन और जलाभिषेक के लिए अलग-अलग कतारें लगाई जाएंगी।
पचपेड़वा के शिवगढ़ धाम में दूसरे सोमवार को करीब आठ से दस हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। सुबह चार बजे से जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरू होगी, जो शाम तक जारी रहने की संभावना है। मंदिर प्रबंधक राम सरन गुप्ता और नगर पंचायत अध्यक्ष रवि वर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसर में साफ-सफाई के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई है।