फोटो-22-बलरामपुर के सादुल्लाहनगर में जुटी कांवड़ियों की भीड़ ।-संवाद
सादुल्लाहनगर। श्रावण मास की शिवरात्रि (तेरस) पर मंगलवार को नगर स्थित प्राचीन सिद्धेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर से ही भगवान शिव के दर्शन, पूजन और जलाभिषेक के लिए भक्तों की कतारें लग गईं। सुबह करीब पांच बजे शुरू हुआ श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला देर तक जारी रहा। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा।
अयोध्या धाम से सरयू नदी का पवित्र जल लेकर कांवड़ियों के कई जत्थे पैदल सादुल्लाहनगर पहुंचे। मद्दों भट्ठा मार्ग से नगर में प्रवेश करने के बाद कांवड़ियों ने सिद्धेश्वरनाथ मंदिर में भगवान शिव का सरयू जल से जलाभिषेक किया। विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और लोककल्याण की कामना की।
कांवड़ियों के स्वागत के लिए नगर में विशेष इंतजाम किए गए थे। समाजसेवी मान सिंह चौहान ने साथियों के साथ बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर कांवड़ियों का स्वागत किया। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सानू सिंह भी मौजूद रहे और उन्होंने पुष्पवर्षा कर कांवड़ियों का उत्साह बढ़ाया। सड़क के दोनों ओर खड़े श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयकारों के साथ कांवड़ियों का स्वागत किया। इससे पूरे नगर का माहौल भक्तिमय बना रहा।