बलरामपुर। किसानों को केसीसी से स्वरोजगार को चमकाने का सुनहरा मौका दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों के लिए सहूलियत दी गई है। उप कृषि निदेशक डॉ. प्रभाकर सिंह ने जिले के सभी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों से योजना का लाभ लेने की अपील की है।
उप कृषि निदेशक ने शुक्रवार को बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के ऐसे लाभार्थियों जिनके पास किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) नहीं है उन्हें सरकार की तरफ से स्वरोजगार को सुदृढ़ बनाने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने की अपील की गई है।
खेती के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन व दुग्ध उत्पादन कार्य को बेहतर ढंग से बड़े पैमाने पर करने के लिए केसीसी मददगार साबित होगी। किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए किसानों को ऑनलाइन फार्म भरना होगा। कृषि विभाग के पारदर्शी किसान सेवा पोर्टल पर जाकर केसीसी के लिए आवेदन कर सकते हैं।
मोबाइल में आने वाले ओटीपी संख्या को डालकर सुरक्षित करने का बटन दबाएं। आवेदन पत्र पोर्टल पर सबमिट करने के बाद तहसील लॉगिन से सत्यापन के बाद आवेदन जिस बैंक में पीएम किसान सम्मान निधि की धनराशि जाती है उस बैंक को स्वत: चला जाएगा।
उप कृषि निदेशक ने पीएम किसान सम्मान योजना के लाभार्थियों से अपील किया है कि केसीसी योजना का लाभ लेकर अपनी आमदनी को बढ़ाने में प्रयोग करें। ऑनलाइन आवेदन करते समय सही-सही विवरण भरें जिससे आवेदन अस्वीकृत न हो जिससे समय पर किसान क्रेडिट कार्ड बन सकें।