पिता-पुत्रों को जख्मी कर लाद ले गए नौ भैंस
बलरामपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के बहरेकुइयां गांव में सोमवार रात डीसीएम से आए करीब एक दर्जन भैस चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। चोर 9 भैस डीसीएम पर लाद ले गए।
विरोध करने पर भैस मालिक व दो अन्य को पीटकर मरणासन्न भी कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बहरेकुइयां निवासी पृथ्वीपाल ने बताया कि उनके भाई सत्यराम गांव के बाहर भैस पालन का काम करते हैं।
सोमवार रात डीसीएम से आए करीब एक दर्जन चोर भैस खोलकर डीसीएम में लादने लगे। आवाज सुनकर जगे सत्यराम व उनका बेटा उदयराज तथा साधू ने चोरों का विरोध किया तो चोरों ने इन लोगों को पीटकर लहुलुुहान कर दिया। चोर 9 भैस लादकर भाग निकले।
पीड़ितों का आरोप है कि मामले की सूचना डायल-100 को दी गई तथा गांव के लोगों ने भी बाइक से चोरों का पीछा किया लेकिन चोर भैस लेकर भागने में सफल रहे। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पृथ्वीपाल व सत्यराम ने बताया कि यदि डायल-100 के लोगों ने सक्रियता दिखाई होती तो चोर पकड़ लिए जाते। नगर कोतवाल डॉ. उपेन्द्र राय ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।