बलरामपुर। राप्ती का जलस्तर लगातार लोगों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ है। नदी के तेज बहाव में दो लोग बह गए। दोनों की मौत हो गई है।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर दोनों शवों को बाहर निकाला। प्रशासन की तरफ से एक मृतक के परिवारीजन को चार लाख रुपये की मदद मुहैया कराई गई है।
देहात थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत झौहना के प्रधान प्रतिनिधि शिव कुमार गिरि ने बताया कि मंगलवार सुबह ग्राम पंचायत के मजरा गोसाईपुरवा निवासी बड़का (55) पत्नी विद्याराम की राप्ती की बाढ़ में डूब गई।
लोगों ने बड़का की घंटों तलाश की। कड़ी मशक्कत के बाद उसका शव पानी से निकाला गया। बाढ़ होने के कारण बड़का के दाह-संस्कार में भी काफी दिक्कतें आई। प्रधान प्रतिनिधि ने प्रशासन को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे राजस्व निरीक्षक व हल्का लेखपाल ने शव का पंचनामा कराकर दाह संस्कार कराया। डीएम राकेश कुमार मिश्र के निर्देश पर मृतक के पति विद्याराम को सरकारी सहायता दी गई है।
सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, सदर एसडीएम किशोर गुप्ता व नायब तहसीलदार लालजी विश्वकर्मा आदि ने सदर तहसील सभागार में बड़का के पति विद्याराम को चार लाख रुपये का चेक दिया।
गौरा चौराहा थाना क्षेत्र के परसा गांव में भी एक अधेड़ की राप्ती नदी की तेज बहाव में बह जाने से मौत हो गई। थानाध्यक्ष गौरा चौराहा पंकज सिंह ने बताया कि परसा निवासी माणिकराम विश्वकर्मा (56) नित्यकर्म के लिए गया था।
तेज बहाव में माणिकराम पानी में डूब गया। ग्रामीणों ने काफी देर तक माणिकराम की तलाश की। घंटों मशक्कत के बाद माणिकराम का शव पानी से बाहर निकाला गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि थाना परिसर में तीन फीट पानी बह रहा है, जिससे लोगों को मदद मुहैया कराने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।