बलरामपुर। स्वच्छ भारत मिशन फेज - टू का बजट आखिरकार जारी हो गया। इससे मिलने वाली 82 करोड़ रुपये की राशि से जिले की 404 पंचायतों के 455 राजस्व ग्रामों में स्वच्छता अभियान की अलख जल सकेगी। शासन स्तर पर बीते लंबे समय से अटकी यह बजट राशि जिलाधिकारी अरविंद सिंह के विशेष प्रयास से जारी हो सकी है। इसके तहत शासन से स्वच्छ भारत मिशन के लिए 38.76 करोड़ रुपये की बजट राशि मिली है। जबकि 15 वें वित्त से 17.04 करोड़ व मनरेगा व अन्य मदों को मिलाकर यह धनराशि 82 करोड़ रुपये तक हो जाती है।
डीएम ने बताया कि जिले में अब स्वच्छ भारत मिशन फेज- टू के तहत चिन्हित 455 राजस्व ग्रामों में 82 करोड़ 27 लाख 13 हजार 152 रुपये की लागत से स्वच्छता संबंधी कार्यों को गतिमान बनाया जाएगा। बताया कि चयनित 455 ग्रामों में ब्लॉक बलरामपुर के 74, गैंड़ास बुजुर्ग के 18, गैसड़ी के 60, हर्रैया के 68, पचपेड़वा के 55, रेहरा के 46, श्रीदत्तगंज के 33, तुलसीपुर के 70 तथा उतरौला ब्लाक के 31 ग्राम शामिल हैं।
प्रस्तावित बजट से ग्राम पंचायतों में तीन चरण की परियोजनाओं के साथ गंदगी दूर होगी। इसके तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, तरल अपशिष्ट प्रबंधन तथा मलीय कचरा प्रबंधन के कार्य कराए जाएगें। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के दूसरे चरण के तहत ओडीएफ प्लस गतिविधियां ओडीएफ व्यवहार को सुदृढ़ कर गांवों में ठोस एवं तरल कचरे के सुरक्षित प्रबंधन के लिए ध्यान केंद्रित करने का कार्य किया जायेगा। कचरा निस्तारण के ठोस प्रबंधन में व्यक्तिगत खाद गड्ढा, कंपोस्ट पिट, व्यक्तिगत वर्मी कंपोस्ट , सामुदायिक वर्मी कंपोस्ट, सामुदायिक नाडेप, कचरा पात्र, प्लास्टिक बैंक, कचरा वाहन, ठेलिया, ई-रिक्शा स्वच्छता किट, रिकवरी रिसोर्स सेंटर का निर्माण कार्य होगा।
इसी प्रकार तरल अपशिष्ट प्रबंधन में व्यक्तिगत सोकपिट, सामुदायिक सोक पिट, सिल्ट कैचर, फिल्टर चैम्बर, तालाबों का सौन्दर्यीकरण, अपशिष्ट स्थिरीकरण तालाब, नालियों का निर्माण, हैण्डपम्प प्लेटफार्म, लैट्रोफिटिंग, हैंडपंपों पर सोकपिट तथा किचन गार्डेन निर्माण के कार्य शामिल होंगे।
जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने बताया कि स्वच्छता से प्राप्त बजट के सापेक्ष कार्ययोजना के अनुसार गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए गए हैं। पंचायतों में तय कार्ययोजना के आधार पर ही स्वच्छता से जुड़े कार्य जल्द ही शुरू होंगे।