ट्रैक्टर-ट्राली से बाइक सवार भिडे़, एक की मौत
बलरामपुर। गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक सवार अनियंत्रित होकर भिड़ गए। घटना में एक की मौत हो गई। बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति गंभीररूप से घायल हो गया जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
देहात थाना प्रभारी जितेंद्र बहादुर सिंह ने सोमवार को बताया कि रात के समय नगर कोतवाली के मोहल्ला पहलवारा निवासी पवन तिवारी(30) व मोहल्ला सराय फाटक निवासी आरिफ(33) बाइक से बलरामपुर की तरफ आ रहे थे।
बलरामपुर की तरफ आ रही गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक सवार अनियंत्रित होकर भिड़ गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर 108 नंबर वाहन से दोनों को अस्पताल लाया गया।
डॉक्टर ने पवन तिवारी को मृत घोषित कर दिया। आरिफ का इलाज किया जा रहा है। पवन तिवारी के शव को नगर कोतवाली की पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।