दंगल के पहले दिन पहलवानों ने दिखाया दमखम
बलरामपुर। दंगल के पहले दिन पहलवानों ने दमखम दिखाया। तीन दिवसीय दंगल में देश-विदेश के पहलवानों का मुकाबला होगा। गांधी स्मारक विद्यालय बढ़ईपुरवा में सोमवार को तीन दिवसीय दंगल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।
राष्ट्रीय एकता विराट कुश्ती के अध्यक्ष शकील अहमद खां, उपाध्यक्ष छोटकऊ यादव, संरक्षक मो. कलीम सेठ, गांधी स्मारक बढ़ईपुरवा के प्रधानाचार्य धनीराम यादव, मुख्य अतिथि डॉ. गयासुद्दीन खान व सपा नेता महबूब आलम खान ने सोमवार को गांधी स्मारक विद्यालय बढ़ईपुरवा में दंगल का शुभारंभ कराया।
रेफरी नवाब अली व एनाउंसर मुन्ना टाईगर की देखरेख में पहले दिन की दंगल प्रतियोगिता हुई। उधमपुर के बजरंगी व जोधपुर राजस्थान के बब्बू के बीच पहला मुकाबला हुआ।
बजरंगी ने बब्बू को चित कर पहला मुकाबला जीत लिया। गाजीपुर के सिकंदर व नेपाल वीरगंज के जुगनू थापा के बीच कांटे की कुश्ती हुई जिसमें जुगनू ने जीत दर्ज की। झांसी के राजू व गाजीपुर के मोनू यादव के बीच मुकाबला हुआ जिसमें मोनू यादव की जीत हुई।
बनारस के राम आशीष व झांसी के कर्मवीर के बीच कुश्ती बराबरी की रही। उधमपुर महाराष्ट्र के बाबू व राजस्थान गंगानगर के तूफान के बीच मुकाबला हुआ जिसमें तूफान ने बाबू को चित कर दिया।
दोबारा राजस्थान गंगानगर के तूफान व उधमपुर के टाइगर के बीच प्रतियोगिता कराई गई जिसमें तूफान ने अपनी जीत दर्ज की। बहराइच के हरीश से भी राजस्थान गांगनार के तूफान के बीच मुकाबला हुआ जिसमें तूफान की पराजय हुई।
गाजीपुर के मोनू यादव व सतना मध्य प्रदेश के अजीत के बीच मुकाबला हुआ। मोनू यादव ने अपनी जीत दर्ज की। सहारनपुर के मनीष व मथुरा के शिव बजरंगी के बीच हुये मुकाबले में शिव बजरंगी ने जीत दर्ज की।
झांसी के कर्मवीर व पटना बिहार के गब्बर के बीच हुए मुकाबले में गब्बर ने जीत दर्ज की। सहारनपुर के नवाब अली ने उधमपुर महाराष्ट्र के टाइगर को पराजित किया। महिला पहलवानों का भी दबदबा दिखा।
आगरा की नेहा को दिल्ली की रेनू ने पराजित कर दर्शकों से खूब तालियां बजवाई। जीत दर्ज करने वाले पहलवानों को मंगल प्रसाद थारु, संदीप शिल्पकार, विश्वपाल यादव, प्रेमलाल, शकील अहमद खान, दिलीप व बजरंग प्रसाद मिश्र आदि ने पुरस्कार दिया।