सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर मारपीट
बलरामपुर। ग्राम समाज की जमीन खरीदकर निर्माण करा रहे लोगों ने मना करने पर प्रधान पति व अन्य लोगों को लाठी-डंडे व पत्थरबाजी कर लहूलुहान कर दिया। मौके पर बंदूक व तलवारें भी लहराई गईं।
प्रधान पति की बाइक भी जला दी गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
तुलसीपुर थाना क्षेत्र के ओड़ाझार खुर्द गांव में ग्राम समाज घूर गड्ढे की जमीन पर साधु ने कब्जा कर रखा था। बीते दिनों साधु ने इस जमीन को पैतृक जमीन दिखाते हुए इसे ननकू अंसारी को बेच दिया।
ननकू अंसारी ने जब जमीन पर निर्माण कराना चाहा तो प्रधान पति तथा अन्य ग्रामीणों ने जमीन को सरकारी बताते हुए इस पर निर्माण न कराने की बात कही। रविवार सुबह ननकू व उसके समर्थक शमीम आदि जमीन पर निर्माण कराने लगे।
इस पर प्रधान पति जग प्रसाद व अन्य लोग मौके पर पहुंचे तथा निर्माण रोकने का प्रयास किया। इस पर देखते दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। जग प्रसाद का आरोप है कि शमीम व उसके समर्थकों ने जमकर पत्थरबाजी व लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
बंदूक व तलवार भी लहराई गई। घटना में जग प्रसाद, महादेव, सरजूलाल, शिवानी, सत्यदेव, विजय व संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया।
विपक्षियों ने जग प्रसाद की बाइक भी आग के हवाले कर दी। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक एसके त्रिपाठी ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी तुलसीपुर में भर्ती कराया।
मामला दो संप्रदायों के बीच होने के चलते गांव में तनाव व्याप्त है। जग प्रसाद की तहरीर पर शमीम सहित छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। तनाव देखते हुए गांव में फोर्स की निगरानी बढ़ा दी गई है।